पीलीभीत। नगर पालिका परिषद पीलीभीत की पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल की अध्यक्षता में नगर पालिका कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार सहित भारी संख्या में सभासद मौजूद रहे। पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने नगर की साफ-सफाई, जलापूर्ति, पथ प्रकाश व्यवस्था, कर वसूली एवं निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ बेहतर बनाए जाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है और विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान पूर्व में कार्यों में त्रुटियां पाए जाने पर ब्लैक लिस्ट की गई चार फर्मों के मामले पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ। संबंधित फर्मों द्वारा अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगे जाने पर, बहुमत में सभासदों ने मानवता के आधार पर उन्हें माफ करके राहत देने का निर्णय लिया। इसके साथ ही, पालिकाध्यक्ष ने शहर को अधिक हरित एवं सुंदर बनाने की दिशा में पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाए जाने के प्रस्ताव को महत्वपूर्ण बताते हुए इसकी स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त की। भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए शहर के प्रमुख चौराहों पर शीतल जल प्याऊ लगाए जाने पर भी सहमति बनी, जिससे राहगीरों एवं आम नागरिकों को बड़ी राहत मिल सकेगी। इस बैठक में साकेत सक्सेना, वतनदीप मिश्रा, निर्मल सिंह, विपिन गंगवार, राशिद हुसैन, शैलेंद्र कौर, इक़बाल हजरत, अनस अंसारी, निज़ाक़त अली कादरी, जाहिदा बी, प्रतीक अग्रवाल, जगन्नाथ लोधी, राजेन्द्र भारती, शिवम श्रीवास्तव, चैतन्य गंगवार, रत्ना शुक्ला, पुष्पा उपाध्याय, सुरेश लोधी, एहतिशाम वली खां सहित अन्य सभासद एवं अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)