पीलीभीत। पीलीभीत-पूरनपुर एन एच 730 हाईवे पर शुक्रवार देर रात में चलते ट्रक में आग लगने से चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। ट्रक प्लास्टिक के टुकड़ों से भरा होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और चालक को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। दमकल की टीम ने घंटों प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। ट्रक के केबिन से चालक का जला शव हुआ पुरनपुर कोतवाली पुलिस ने बरामद किया। उसकी पहचान रामपुर के बिलासपुर निवासी और ट्रक मालिक बलविंदर सिंह के रूप में हुई।

पूरनपुर कोतवाली प्रभारी पवन पांडे ने मीडिया को बताया कि आग बुझने के बाद पुलिस को ट्रक के केबिन से एक व्यक्ति का जला हुआ शव मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि मृतक ट्रक चालक ही है। 

पूरनपुर कोतवाली पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना शुक्रवार देर रात्रि लगभग 12 बजे के पास पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में बड़ी नहर और धन्ना गुरुद्वारे के बीच घटी। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात लगभग 11:30 बजे ट्रक (JH02K-9750) पीलीभीत से पूरनपुर की तरफ जा रहा था। उसमें भारी मात्रा में प्लास्टिक के टुकड़े लदे थे। पुलिस  के अनुसार, चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। प्लास्टिक का सामान होने के कारण लपटें तेजी से पूरे वाहन में फैल गईं और कुछ ही देर में पूरा ट्रक आग के गोले में बदल गया। चालक आग की चपेट में फंस गया और उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

पूरनपुर कोतवाली पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि मृतक की पहचान रामपुर के बिलासपुर निवासी बलविंदर सिंह (50) जो स्वयं ट्रक के मालिक थे और स्वयं ही वाहन चलाते थे ,के रूप में हुई। शुक्रवार को वह ट्रक में प्लास्टिक का सामान भरकर नेपाल बॉर्डर की ओर डिलीवरी के लिए निकले थे। रास्ते में अचानक ट्रक में आग कैसे लगी, इसकी जानकारी अभी नहीं लग पाई है। पुलिस जले ट्रक को कब्जे में लेकर आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत सभी संभावित कारणों को जांच के दायरे में रखा गया है।

बलविंदर सिंह की मौत के बाद उनके पुत्र प्रीत 20 और परदीप 22 एवं अन्य परिजनोंओ के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक में आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना का कारण स्पष्ट हो पाएगा। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi