​पीलीभीत। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विशेष निर्देश पर पार्टी के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज बीसलपुर पहुँचकर हाल ही में आत्महत्या करने वाले नगर पालिका परिषद के कर्मचारी उपेंद्र शंखधार (शर्मा) के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के परिजनों से गहन बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली और सांत्वना व्यक्त करते हुए उन्हें न्याय दिलाने तथा हर संभव सहायता प्रदान करने का भरोसा दिलाया।
​प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी दुख की इस घड़ी में पूरी तरह से उनके साथ खड़ी है। नेताओं ने आरोप लगाया कि किन परिस्थितियों में कर्मचारी को यह आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा, इसकी निष्पक्ष और गहन जाँच होनी चाहिए ताकि दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले को उच्च स्तर पर उठाया जाएगा।
​इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह (जग्गा), प्रदेश अध्यक्ष (समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ) डॉ. राजपाल कश्यप, पूर्व एमएलसी शशांक यादव, पूर्व एमएलसी अमित यादव उर्फ रिंकू, पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद, पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां (फूल बाबू), श्रीमती दिव्या गंगवार एवं विधानसभा अध्यक्ष शैलेश शर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi