​पीलीभीत | ​लोकसभा में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के विरोध में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों द्वारा किए गए मतदान के खिलाफ मंगलवार को गांधी प्रेक्षागृह में भव्य ‘महिला जन आक्रोश सम्मेलन’ एवं ‘जन आक्रोश पदयात्रा’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद की सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लेकर विपक्षी दलों के रवैये के प्रति अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने की।
​सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों के लिए ऐतिहासिक बिल लेकर आए, लेकिन दुर्भाग्यवश विपक्ष ने अपनी महिला विरोधी मानसिकता का परिचय देते हुए इसके खिलाफ मतदान किया। उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों की लड़ाई खुद लड़ें। मंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए चलाई जा रही विभिन्न रोजगार योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों को विस्तार से साझा किया।


​जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सदैव महिलाओं को नेतृत्वकारी भूमिका में आगे बढ़ाया है, जबकि विपक्ष ने हमेशा नारी शक्ति का अपमान करने का कार्य किया है। वहीं, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने से वे राष्ट्र निर्माण में अधिक प्रभावी ढंग से सहभागी बनतीं, लेकिन विपक्ष ने इस बिल को रोककर महिलाओं के साथ छल किया है।


​इस अवसर पर बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानन्द, पूरनपुर विधायक बाबू राम पासवान, पूर्व विधायक किशन लाल राजपूत और नगर पालिका चेयरमैन आस्था अग्रवाल ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गीता मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष रेखा सिंह परिहार, ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी अभिमन्यु गंगवार, जिला महामंत्री अनुराग अग्निहोत्री, जिला मंत्री ऋचा पटेल, पंकज तिवारी, पुष्पा शुक्ला, शशि बाला कटियार, मंगली प्रसाद वर्मा, लेखराज भारती, अतेंद्र पाल सिंह, विकास श्रीवास्तव, विकास वाल्मीकि, रेनू राज, सृष्टि गुप्ता, हर्षित चौधरी और विवेक शुक्ला सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *