सितारगंज। शराब के नशे में फायरिंग कर गांव में दहशत फैलाने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो बंदूकें और आठ जिंदा कारतूस बरामद किया है। वहीं, मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज किया है।
कोतवाल सुंदरम शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को डायल-112 पर सूचना मिली कि तिगड़ी फार्म, सरकड़ा निवासी मंदीप सिंह (47) शराब के नशे में अपने घर के बाहर गाली-गलौज कर रहा है। इस दौरान उसने बंदूक से फायरिंग भी की।
बताया कि आरोपी नशे में उग्र व्यवहार कर रहा था। इस पर अतिरिक्त पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों को बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही आरोपी दोनों बंदूकें और कारतूस की बेल्ट लेकर खेतों की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा कर करीब एक किमी दूर खेतों में दौड़ाकर आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान उसके कब्जे से एक 12 बोर एकनाली बंदूक, एक 0.315 बोर दोनाली बंदूक और कारतूस बेल्ट में लगे आठ जिंदा 12 बोर कारतूस बरामद किए।
प्रभारी सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया है। मामले की विवेचना की जा रही है।