नई टिहरी। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने अभियान के तहत प्राप्त प्रपत्रों और अब तक हुई प्रगति की जानकारी दी।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक फॉर्म-6 के कुल 4,229 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें घनसाली विधानसभा क्षेत्र से 1,329, देवप्रयाग से 469, नरेंद्रनगर से 763, प्रतापनगर से 490, टिहरी से 753 और धनौल्टी से 425 आवेदन शामिल हैं। फॉर्म-6 नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए प्रस्तुत किया जाता है। सबसे अधिक आवेदन घनसाली विधानसभा क्षेत्र से प्राप्त हुए हैं।

इसी तरह फॉर्म-7 के कुल 867 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें घनसाली से 42, देवप्रयाग से 34, नरेंद्रनगर से 387, प्रतापनगर से 148, टिहरी से 106 और धनौल्टी से 150 आवेदन शामिल हैं। फॉर्म-7 का उपयोग मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए किया जाता है।

वहीं फॉर्म-8 के कुल 1,891 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें घनसाली से 286, देवप्रयाग से 289, नरेंद्रनगर से 457, प्रतापनगर से 173, टिहरी से 380 और धनौल्टी से 306 आवेदन शामिल हैं। फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता के नाम, पता, फोटो आदि में संशोधन कराया जाता है।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत अब तक सभी चरणों का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। बैठक में मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अंतिम प्रकाशन की तिथि पर सहमति व्यक्त की।

बैठक में भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र प्रसाद डोभाल, इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रतिनिधि एवं युवा कांग्रेस सदस्य नवीन सेमवाल, महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा रावत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सीमा कृषाली, एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी जवाहर सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi