​दियोरिया कला PILIBHIT। थाना दियोरिया कला क्षेत्र के अंतर्गत गांव सिंधौरा बिंदुआ में शादी के महज चार महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
​बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव काजरवोझी निवासी रामदास ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी 22 वर्षीय पुत्री राखी की शादी बीते 20 अप्रैल 2026 को दियोरिया क्षेत्र के सिंधौरा बिंदुआ निवासी विकास पुत्र ओमप्रकाश के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। शादी में अपनी हैसियत के अनुसार एक बाइक और लगभग ढाई लाख रुपये नकद दिए गए थे। आरोप है कि ससुराल वाले इस दान-दहेज से संतुष्ट नहीं थे और अतिरिक्त दहेज में 50 हजार रुपये नकद व जेवर की मांग को लेकर पीड़िता को प्रताड़ित कर रहे थे।
​मृतका के पिता के अनुसार, बेटी ने फोन पर आशंका जताई थी कि मांग पूरी न होने पर ससुराल वाले उसकी हत्या कर देंगे। मंगलवार रात करीब नौ बजे भी बेटी ने फोन कर दहेज के लिए परेशान किए जाने की बात कही थी। बुधवार सुबह जब परिजन बेटी के ससुराल पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिली और उसके अंगूठे पर नीली स्याही लगी हुई थी, जबकि ससुराल के सभी लोग मौके से फरार थे।
​रामदास ने मृतका के पति, सास, ससुर, ननद और देवर समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi