सितारगंज। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय विशेष टीबी स्क्रीनिंग अभियान के तहत शनिवार को महिला अस्पताल सितारगंज में स्वास्थ्य एवं टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 75 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर विभिन्न जांचें की गईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल के निर्देशन में जन उत्थान समिति के सहयोग से आयोजित शिविर में लोगों के डिजिटल एक्स-रे किए गए। वहीं, टीबी के संभावित पांच मरीजों के बलगम के नमूने जांच के लिए भेजे गए। इसके अलावा रक्तचाप और रक्त शर्करा की जांच भी की गई।

इस अवसर पर सभासद रवि रस्तोगी ने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, लगातार बुखार, वजन कम होना या रात में अत्यधिक पसीना आने जैसे लक्षण दिखाई दें तो वह तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क टीबी जांच एवं उपचार सुविधा का लाभ उठाएं।
शिविर में डॉ. राहुल कादमी, डॉ. अरुण, सीएचओ अनीता गरिया, सीएचओ महिमा, वरिष्ठ स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सुनील राय तथा फार्मेसी अधिकारी आशीष सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।