पीलीभीत। जनपद में खेल प्रतिभाओं को निखारने और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने गांधी स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहाँ निर्माणाधीन हॉकी एस्टोटर्फ मैदान की प्रगति का जायजा लिया और अन्य खेल अवस्थापना सुविधाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने खेल मैदान के विकास को लेकर कड़े निर्देश देते हुए कहा कि पुराने एथलेटिक्स ट्रैक को अब उत्तर-दक्षिण दिशा में व्यवस्थित किया जाए, ताकि मानकों के अनुरूप बेहतर सुविधा मिल सके।
जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह ने जिलाधिकारी को आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि स्टेडियम परिसर के बीचों-बीच फुटबॉल का मैदान तैयार किया जाएगा, जिसके समीप ही क्रिकेट के लिए भी विशेष मैदान विकसित होगा। खिलाड़ियों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए पूरे खेल मैदान के चारों ओर एक आधुनिक वॉकिंग ट्रैक भी बनाया जाएगा, जिससे पैदल टहलने वालों को भी सुविधा होगी। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को जल्द से जल्द अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिल सके।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश चौधरी, कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता उमेश दुबे, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अनिल महेंद्रु ललोरीखेडा के ब्लाक प्रमुख अजय सिंह गंगवार सहित सुमित पटेल, दीपक सरकार और जयप्रकाष मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)