रूद्रपुर। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि भारत की जनगणना-2027 उत्तराखण्ड में दो चरणों में आयोजित की जाएगी।

प्रथम चरण, जिसमें मकानों की सूचीकरण और गणना शामिल है, 25 अप्रैल, 2026 से 25 मई, 2026 तक चलेगा।
द्वितीय चरण, जनसंख्या गणना का, 09 फरवरी, 2027 से 28 फरवरी, 2027 तक होगा।

इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल तकनीक के माध्यम से होगी। इसके लिए मोबाइल एप्लिकेशन और जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMMS पोर्टल) का उपयोग किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और सटीक रहे।

प्रथम चरण में नियुक्त प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और गणना करेंगे, जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या से संबंधित आंकड़े एकत्र किए जाएंगे।

नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना की व्यवस्था भी की गई है, जो 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके माध्यम से नागरिक स्वयं अपने विवरण पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना-2027 में सक्रिय भागीदारी करें और अधिक से अधिक लोग स्व-गणना का लाभ उठाएं, ताकि यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य समयबद्ध और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *