चित्रकूट। जिला मुख्यालय के एलआईसी चौराहे के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गंभीर हालत में नवजात को अस्पताल ले जा रही 108 एंबुलेंस अचानक खराब होकर रास्ते में बंद हो गई। नवजात की हालत गंभीर होने के कारण मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल सक्रियता दिखाई।
एंबुलेंस के खराब होने के बाद पुलिसकर्मियों ने राहगीरों की मदद से वाहन को धक्का देकर सड़क किनारे कराया। इस दौरान नवजात को अस्पताल पहुंचाने में हो रही देरी को देखते हुए एक सिपाही ने उसे बाइक से अस्पताल पहुंचाया।
समय पर अस्पताल पहुंचने और उपचार मिलने से नवजात की जान बच सकी। पुलिसकर्मी की इस तत्परता की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।
घटना जिला मुख्यालय के एलआईसी चौराहे के पास की बताई जा रही है। गंभीर मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस के बीच रास्ते में खराब होने से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।