​पीलीभीत। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जनपद में गेहूं खरीद को सुचारू रूप से संपन्न कराने और इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। शासन की क्रय नीति के अनुपालन में जिलाधिकारी ने जनपद की विभिन्न मंडियों के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया है। जारी आदेश के अनुसार, नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर को पीलीभीत मंडी, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) लाल सिंह यादव को बीसलपुर और जिला खाद्य विपणन अधिकारी विजय कुमार को पूरनपुर मंडी का नोडल अधिकारी बनाया गया है। इन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रतिदिन आवंटित मंडियों में स्वयं उपस्थित रहकर निर्धारित लक्ष्य और टोकन व्यवस्था के अनुरूप किसानों से गेहूं की खरीद सुनिश्चित कराएं।
​जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि नोडल अधिकारी न केवल खरीद प्रक्रिया की निगरानी करेंगे, बल्कि प्रतिदिन समीक्षा बैठक कर किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण भी करेंगे। समीक्षा बैठक की रिपोर्ट प्रतिदिन जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय में जमा करनी होगी, जहाँ से शाम 7 बजे तक संकलित रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि गेहूं खरीद में किसी भी प्रकार की शिथिलता या शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित अधिकारी का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए उनके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं। )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *