कटरा। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। श्राइन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।

श्राइन बोर्ड ने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और केवल आधिकारिक संचार माध्यमों से जारी दिशा-निर्देशों का ही पालन करें। मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी, जिसकी सूचना आधिकारिक रूप से जारी की जाएगी।

इस बीच मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार संवेदनशील क्षेत्रों में अचानक बाढ़, भूस्खलन और जलभराव की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों और अन्य जल स्रोतों से दूर रहने की सलाह दी है।

गौरतलब है कि इस वर्ष अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु श्री माता वैष्णो देवी पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हालात सामान्य होते ही यात्रा बहाल करने का निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi