पीलीभीत। श्रावण मास के द्वितीय सोमवार और कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक ने गौरीशंकर मंदिर, शाही चौकी तथा जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, कंट्रोल प्वाइंट, सीसीटीवी कैमरों, यातायात, प्रकाश, पेयजल, चिकित्सा सहायता, आपातकालीन सेवाओं और खोया-पाया केंद्र का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं व कांवड़ियों के साथ अत्यंत नम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन पर निरंतर सतर्क दृष्टि रखने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कदम उठाने की ताकीद की। उन्होंने कांवड़ मार्गों पर लगातार पैदल गश्त करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं पर कड़ी नजर रखने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया और सुरक्षित ढंग से जलाभिषेक करने की अपील की। उन्होंने बताया कि समूचे जनपद में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संपन्न कराने के लिए मंदिरों और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी हर गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।