सितारगंज। हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान कर्णप्रयाग में सिख यात्रियों के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर सितारगंज में सिख समाज ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। गुरुद्वारा सिंह सभा में आयोजित बैठक में समाज के लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोनों पक्षों पर समान कार्रवाई की मांग की।
बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कर्णप्रयाग में स्थानीय लोगों और सिख यात्रियों के बीच हुए विवाद को सांप्रदायिक रंग दिया जा रहा है। उनका कहना था कि वायरल वीडियो में स्पष्ट दिखाई देता है कि स्थानीय लोगों की भीड़ ने चार सिख यात्रियों पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया, जिसके बाद यात्रियों ने आत्मरक्षा में कृपाण निकाली।
सिख समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए केवल सिख यात्रियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि दूसरे पक्ष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि एक पक्ष को चिन्हित कर कार्रवाई करना न्यायसंगत नहीं है और इससे सिख समाज में नाराजगी है।
बैठक में प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध समान रूप से कार्रवाई करने की मांग की गई। इस दौरान सूखवीर सिंह बेदी, गुरूप्रीत सिंह देवल, फतेहजीत सिंह, सतवंत सिंह बागी, ज्ञानी गुरमुख सिंह, बलविंदर सिंह, सतवंत सिंह बागी, इकबाल सिंह भुल्लर सहित सिख समाज के कई लोग मौजूद रहे।