पीलीभीत। थाना बरखेड़ा क्षेत्र के गांव नरायनपुर में उधार किराना सामान देने से मना करने पर एक बुजुर्ग की बेलचे से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, नरायनपुर निवासी 70 वर्षीय श्रीपाल गुप्ता अपने घर पर ही किराना की दुकान चलाते थे। 18 अगस्त 2026 की रात करीब 8:00 बजे गांव का ही पड़ोसी सुनील कुमार उर्फ भोला पुत्र महेंद्रपाल गंगवार दुकान पर उधार सामान मांगने पहुंचा। श्रीपाल द्वारा उधार देने से इंकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद सुनील अपने भाई सुशील और पिता महेंद्रपाल के साथ घर से बेलचा लेकर लौटा और श्रीपाल पर हमला कर दिया। बेलचे का वार जांघ पर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बुजुर्ग को तत्काल सीएचसी बरखेड़ा भिजवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक पीलीभीत ने मौके का मुआयना कर परिजनों से जानकारी ली और फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाए। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मु0अ0सं0 313/2026 धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों सुनील कुमार, सुशील और महेंद्रपाल गंगवार को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।