रुद्रपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में 25 से 30 जून 2026 तक आयोजित 11वीं राष्ट्रीय सीनियर मिनी गोल्फ चैंपियनशिप में उत्तराखंड की सीनियर मिनी गोल्फ टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण और 3 कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया।
मिनी गोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड की सीनियर महिला टीम की खिलाड़ियों कशिश शर्मा, अंजली गंगवार, प्रेरणा नेगी, मनजोत कौर, भूमिका, वंशिका और श्वेता भाकुनी ने राज्य का प्रतिनिधित्व किया।
टीम मैनेजर डॉ. नागेन्द्र शर्मा ने बताया कि राज्य की महिला और पुरुष दोनों टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 1 स्वर्ण और 3 कांस्य पदक हासिल किए और ओवरऑल दूसरा स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग के स्ट्रोक इवेंट में अंजलि गंगवार ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि डबल्स इवेंट में कशिश और वंशिका की जोड़ी ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष वर्ग में अभय बिष्ट, संजय भट्ट, सुनिश्चिठ, निष्कर्ष चौधरी, ध्रुव विरमानी और एन.वी. खान ने टीम इवेंट में कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं स्पीड इवेंट में योगेश पांडेय और श्वेता भाकुनी ने भी कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।
द मिनी गोल्फ एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव डॉ. राहुल चंद्रा ने बताया कि प्रतियोगिता से पूर्व खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था, जिसका सकारात्मक परिणाम इस प्रदर्शन के रूप में सामने आया।
टीम की इस उपलब्धि पर संघ के अध्यक्ष डी.के. शर्मा, डॉ. नीरज आत्रेय, डॉ. दीपिका गुड़िया, डॉ. निमिषा अग्रवाल सहित कई पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।