पीलीभीत। सामाजिक सरोकारों में अग्रणी रहने वाले इनर व्हील क्लब पीलीभीत द्वारा अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा दिवस और क्लब के चार्टर डे के अवसर पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नए सत्र 2026-27 के प्रथम दिन आयोजित इस समारोह में समाज और चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिला विभूतियों को सम्मानित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से शहर की विख्यात चिकित्सक डॉ. ओजस्वी पाठक शर्मा, डॉ. आस्था कंचन तथा नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल को पुष्पगुच्छ, सम्मान प्रमाण-पत्र और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इसके अतिरिक्त, जनपद में वित्तीय संचालन के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य करने के लिए चार्टर अकाउंटेंट नेहा अरोड़ा और रितु महाजन को भी विशेष रूप से सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया।
इसी कड़ी में क्लब द्वारा पर्यावरण को सहेजने के संकल्प के साथ नकाशा स्थित राजकीय कंपोजिट विद्यालय परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया गया। इस दौरान औषधीय और छायादार प्रजाति के उपयोगी पौधे जैसे सहजन, नीम, अर्जुन और जामुन आदि के पेड़ लगाए गए। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि 49 वर्ष पुराने इस प्रतिष्ठित इनर व्हील क्लब का समाज में एक विशेष स्थान है। क्लब द्वारा निरंतर गरीब कन्याओं के विवाह, जरूरतमंद बच्चों की स्कूल फीस का भुगतान, महिला सुरक्षा और दिव्यांगों के कल्याण के लिए अनेकों सराहनीय कार्य किए जाते हैं।
सत्र 2026-27 की नवनियुक्त अध्यक्षा डॉ. अनुरीता सक्सेना के कुशल निर्देशन, सचिव महिमा अग्रवाल और कार्यवाहक अध्यक्षा इंदु गुप्ता के नेतृत्व में यह सभी सेवा कार्य और सम्मान समारोह सफलता पूर्वक संपन्न हुए। इस दौरान क्लब की वरिष्ठ व सक्रिय सदस्य मोनिका बंसल, स्वाति तनेजा, सुमन गुप्ता, किरण गुप्ता, शिल्पी अग्रवाल, लता अग्रवाल, रेनू अग्रवाल, पूनम अग्रवाल और कैलाश रानी छावड़ा सहित भारी संख्या में इनर व्हील क्लब की सदस्याएं मौजूद रहीं।