जम्मू। अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू होने जा रही है। 57 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा को लेकर जम्मू-कश्मीर और पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यात्रा मार्ग, आधार शिविरों और पवित्र गुफा तक जाने वाले दोनों मार्गों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
यात्रा के लिए श्रद्धालुओं के पहले जत्थे जम्मू पहुंचने लगे हैं। जम्मू में सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक निगरानी प्रणाली को सक्रिय कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियों का जायजा लेने के लिए मॉक ड्रिल भी आयोजित की है।
प्रथम पूजा के अवसर पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के महानिरीक्षक डॉ. अकुन सभरवाल ने पवित्र गुफा और बरारीमार्ग में चिकित्सा सहायता केंद्रों का उद्घाटन किया।
सुरक्षा एजेंसियों ने श्रद्धालुओं से निर्धारित यात्रा मार्ग का पालन करने और सुरक्षा बलों के निर्देशों का सहयोग करने की अपील की है, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।