रुद्रपुर। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और युवाओं को अपराध की राह से दूर रखने के उद्देश्य से रुद्रपुर पुलिस ने कोतवाली रुद्रपुर, ट्रांजिट कैंप और थाना किच्छा क्षेत्र के 12 अपराधी प्रवृत्ति के नवयुवकों को कोतवाली बुलाकर काउंसलिंग की। पुलिस अधिकारियों ने सभी युवकों को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने और समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की हिदायत दी।
काउंसलिंग के दौरान पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ या असत्य जानकारी प्रसारित कर शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि भविष्य में किसी भी अपराध या अराजक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित युवकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि काउंसलिंग के बाद भी इन सभी 12 युवकों की गतिविधियों और उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। वहीं, काउंसलिंग में शामिल युवाओं ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में कानून का पालन करने, आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का लिखित एवं मौखिक आश्वासन दिया।