हापुड़। हापुड़ देहात और हापुड़ नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश श्याम को मार गिराया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 18/19 जून की रात बुलंदशहर रोड पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी भाग निकला। सूचना मिलते ही हापुड़ देहात पुलिस ने ग्राम गोदी के पास घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख बदमाश ने ट्यूबवेल की आड़ लेकर पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी नगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ स्थल से एक अवैध पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
मृतक की पहचान श्याम पुत्र वीरेंद्र, निवासी सूरजपुर, थाना पटवाई, जनपद रामपुर के रूप में हुई है। वह 1 जून 2026 को हापुड़ देहात क्षेत्र के गिरधारी नगर में व्यापारी के परिवार और चौकीदार को बंधक बनाकर लूटपाट करने के मामले में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर ₹50 हजार का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल मनोज कुमार भी घायल हुए, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, मृतक बदमाश के खिलाफ मुरादाबाद में डकैती और गैंगस्टर एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।