रामनगर। उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सभागार में हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परिषदीय परीक्षाओं के शांन्तिपूर्वक व नकलविहीन परीक्षा कराने के सम्बन्ध में बैठक आयोजित की गयी। बैठक में मण्डलों के अपर निदेशक (माध्यमिक), जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं संकलन केन्द्रों के उप नियत्रंक उपस्थित थे। बैठक के दौरान केन्द्र-व्यवस्थापकों/कस्टोडियन/कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति, सचल दल/केन्द्र निरीक्षक की नियुक्ति/पर्यवेक्षकों की व्यवस्था, प्रश्न पत्रों की प्राप्ति, केन्द्रों को वितरण, रख-रखाव, कार्य व्यवस्था, सादी उत्तरपुस्तिकाओं की व्यवस्था, पत्रादि की पूर्ति एवं माँग, परीक्षा में सादी उत्तरपुस्तिका, ओएमआर एवार्ड ब्लैंक शीट, प्रवेश पत्र, परीक्षा कार्यक्रम, उपस्थिति पत्रक एवं डेस्क स्लिप, संकलन/उप संकलन केन्द्रों के कार्य, उत्तर पुस्तिकाओं के बण्डल हाईस्कूल तथा इण्टरमीडिएट परीक्षा केन्द्रों से प्राप्त करने तथा रखरखाव की सुदृढ़ व्यवस्था, लिखित उत्तरपुस्तिकाओं का उप संकलन केन्द्रों से मुख्य संकलन केन्द्र व वहां से बण्डलों का मूल्यांकन केन्द्रों को भेजना, संकलन केन्द्रों द्वारा परिषद को अभिलेख भेजना, सादी/अप्रयुक्त उत्तरपुस्तिका एवं अवशेष प्रपत्रों की वापसी, विभिन्न प्रकार के संकलन प्रपत्रों पर चर्चा की गई।

बोर्ड सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी द्वारा समस्त मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक जनपद में परीक्षायें शान्तिपूर्वक व नकलविहीन सम्पादित की जाएं। परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षाओं के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के समस्त मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश देते हुए प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर प्रश्न पत्रों की सुरक्षा व्यवस्था केन्द्र व्यवस्थापकों व कस्टोडियन द्वारा सुनिश्चित करवाने की भी हिदायत दी गई। इस वर्ष हाईस्कूल में संस्थागत श्रेणी के 1,10,544 तथा व्यक्तिगत श्रेणी के 1,732 एवं सुधार परीक्षा वर्ष 2025 (द्वितीय) के 384 (कुल 112660 परीक्षार्थी) तथा इण्टरमीडिएट संस्थागत श्रेणी में 99,349 व व्यक्तिगत श्रेणी में 3,637 एवं सुधार परीक्षा वर्ष 2025 (द्वितीय) के 463 (कुल 1,03,449 परीक्षार्थी) प्रदेश के 1261 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा देंगे। प्रदेश में कुल 156 संवेदनशील व 6 अति संवेदनशील केन्द्र बनाये गये हैं। प्रदेश में 13 मुख्य संकलन व 26 उप संकलन केन्द्र बनाये गये हैं, परिषदीय परीक्षा दिनांक 21 फरवरी से प्रारम्भ होकर दिनांक 20 मार्च के बीच एकल पाली में होंगी। इस मौके पर बैठक में परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी, अपर सचिव बीएमएस रावत, उप सचिव सुषमा गौरव, प्रभारी वित्त अधिकारी/ मुख्य प्रशासनिक अधिकारी दिनेश चन्द्र जोशी, शोध अधिकारी शैलेन्द्र जोशी, डॉ. नन्दन सिंह बिष्ट, इन्दु प्रकाश नेगी, राजीव रावत एवं गंगा प्रसाद उनियाल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *