दियोरिया कला PILIBHIT। कोतवाली क्षेत्र के गांव कुसुमा निवासी एक मजदूर की हरियाणा में काम के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में असमय मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुसुमा निवासी हरीश कुमार मौर्य (38 वर्ष) पुत्र नत्थू लाल मौर्य एक सप्ताह पूर्व अपने साथी नरेंद्र सिंह और राजेश सिंह सहित गांव के करीब 11 लोगों के साथ बाजरा कटाई के लिए हरियाणा गए थे। सभी मजदूर हरियाणा के महेंद्रगढ़ जनपद स्थित नारनौल क्षेत्र में बाजरा कटाई का कार्य कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात अचानक हरीश की तबीयत खराब हो गई। साथ में मौजूद साथी सुबह होने का इंतजार कर ही रहे थे कि इसी बीच देर रात हरीश ने दम तोड़ दिया।
साथी मजदूरों ने तत्काल फोन कर घटना की जानकारी परिजनों को दी। खबर मिलते ही परिजन हरियाणा के लिए रवाना हो गए। हरियाणा में ही शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन शव लेकर गांव के लिए निकल चुके हैं, जिसके देर रात तक गांव पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
मृतक अपने पीछे पत्नी रेखा देवी तथा दो मासूम बच्चों—बेटी शिवानी (11 वर्ष) और बेटे सुदामा मौर्य (7 वर्ष) को छोड़ गया है। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी रेखा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बदहवास स्थिति में हैं।