पूरनपुर PILIBHIT। कलीनगर तहसील क्षेत्र के रमनगरा-पूरनपुर मुख्य मार्ग पर बृहस्पतिवार देर रात जंगल से निकलकर आए एक हाथी ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। हाथी ने बाइफरकेशन बीट के पास स्थित पप्पू कश्यप की प्रसिद्ध सोनपापड़ी की झोपड़ीनुमा दुकान को पूरी तरह तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त दुकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद हाथी वन विभाग की चौकी के पीछे से होता हुआ वापस जंगल में लौट गया। शुक्रवार सुबह जब पीड़ित दुकानदार मौके पर पहुंचे, तो वहां टूटी दुकान और हाथी के पैरों के निशान देखकर घटना का पता चला। आबादी के इतने करीब हाथी की चहलकदमी से राहगीरों और ग्रामीणों में भय का माहौल है, जिसके चलते स्थानीय लोगों ने सुरक्षा की दृष्टि से वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और हाथियों की निगरानी की मांग की है।