पीलीभीत। बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जनपद में जिला स्तरीय द्वितीय चरण के ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया गया। गांधी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) रोशनी सिंह ने नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का कुमकुम से तिलक लगाकर, माला पहनाकर और स्कूल बैग, किट व टोपी भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इसके उपरांत तीनों उच्चाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर अभियान की भव्य जागरूकता रैली को रवाना किया।

इस बार की रैली में एक खास और ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला, जिसने उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह भर दिया। काफी लंबे अरसे के बाद जिले के शीर्ष अधिकारियों ने खुद सड़क पर पैदल चलकर स्कूल चलो अभियान की रैली की अगुवाई की। वर्षों पहले जब इस अभियान की रैलियां निकलती थीं, तब जिलाधिकारी स्वयं उनमें शामिल होते थे; उसी परंपरा को दोहराते हुए इस बार जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने रैली का नेतृत्व खुद किया। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी और बीएसए भी कदम से कदम मिलाकर रैली में साथ-साथ चल रहे थे।

रैली की रवानगी से पूर्व जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने उपस्थित शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं के नामांकन को लेकर हमें शत-प्रतिशत का लक्ष्य हासिल करना है। उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जिले का कोई भी मोहल्ला, बस्ती या गांव ऐसा नहीं छूटना चाहिए, जहां का कोई बच्चा बुनियादी शिक्षा से वंचित रह जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक शिक्षित समाज के निर्माण से ही देश और क्षेत्र का विकास संभव है। रैली के दौरान छात्र-छात्राएं पूरे उत्साह के साथ ‘मुख्यमंत्री का यही है कहना-पढ़ लो भैया पढ़ लो बहना’, ‘स्कूल पढ़ने जाएंगे-पापा मम्मी का मान बढ़ाएंगे’ और ‘हम सबने ठाना है-हर बच्चे को निपुण बनाना है’ जैसे प्रेरक नारे बुलंद कर रहे थे।
सुबह से ही जिले भर के छात्र-छात्राएं अपने गुरुजनों के साथ गांधी स्टेडियम में एकत्रित होना शुरू हो गए थे। इस वृहद जागरूकता अभियान में जिले भर के सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक राकेश पटेल, मनीष श्रीवास्तव, सचिन कुमार चौधरी, जितेंद्र कुमार चौधरी, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, एसआरजी वैभव जैसवार, अमित पाठक, प्रशांत त्रिवेदी सहित भारी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।