सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में कब्र से शव निकाले जाने और उसका सिर काटकर कब्र के बाहर फेंके जाने की घटना से सनसनी फैल गई। मामला मानपुर थाना क्षेत्र के जगजीवनपुर गांव का है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि करीब दो माह पहले बीमारी के चलते अमीन नाम के व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके बाद गांव के बाहर स्थित कब्र में उसके शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया था।
परिजनों के मुताबिक, बाद में जब कब्र के बाहर शव पड़ा मिला तो उसका सिर गायब था। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। प्रारंभिक तौर पर शव के साथ तंत्र-मंत्र किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने शव को दोबारा कब्र में दफन कर दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
मामला सामने आने के बाद पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। शव कब्र से किसने निकाला, सिर काटने के पीछे क्या वजह थी और घटना में कौन शामिल है, इन सभी बिंदुओं पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मानपुर थाना क्षेत्र के जगजीवनपुर में हुई इस घटना ने ग्रामीणों को हैरान कर दिया है।