गाजियाबाद। रक्षाबंधन के अवसर पर दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। 27 अगस्त को नमो भारत में करीब 1.55 लाख यात्रियों ने सफर किया, जो कॉरिडोर पर अब तक की सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप बताई जा रही है।
रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए यात्रियों की संभावित बढ़ती संख्या के मद्देनजर नमो भारत सेवाओं में 47 अतिरिक्त यात्राएं जोड़ी गई थीं। इसके चलते यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच आवागमन के लिए नमो भारत का इस्तेमाल किया। स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली।
27 अगस्त को दर्ज हुई राइडरशिप ने नमो भारत कॉरिडोर पर अब तक के दैनिक यात्री आंकड़े को पीछे छोड़ दिया। अधिकारियों के अनुसार, रक्षाबंधन के चलते यात्रियों की संख्या में हुई वृद्धि को देखते हुए आज भी रिकॉर्ड राइडरशिप दर्ज होने की संभावना है।
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर लगातार बढ़ती यात्री संख्या को क्षेत्र में तेज, आधुनिक और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की बढ़ती स्वीकार्यता के तौर पर देखा जा रहा है।