सितारगंज। डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 57वीं वाहिनी, सितारगंज में साइबर जागरूकता कक्षा का आयोजन किया गया। कमांडेंट श्री गंगा सिंह उदावत के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में वाहिनी के कार्मिकों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन उपनिरीक्षक (संचार) अमित कुमार ने किया। उन्होंने कार्मिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, फर्जी कॉल और संदेशों के जरिए होने वाली ठगी के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही, ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, पासवर्ड और अन्य गोपनीय विवरण किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी।
अमित कुमार ने मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, समय-समय पर पासवर्ड बदलने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने और अनजान नंबरों से आने वाली कॉल व संदेशों को लेकर सतर्क रहने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूकता और सावधानी बेहद जरूरी है।
जागरूकता कक्षा के दौरान साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने और आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य वाहिनी के कार्मिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग बनाना और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित व जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग सुनिश्चित करना रहा।