सितारगंज। सितारगंज-सिडकुल इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एसोसिएशन से जुड़े विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। साथ ही, नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया।
शनिवार को सिडकुल के एक निजी होटल में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सदस्यों ने दुर्गेश मोहन को अध्यक्ष, विनय डबराल को महासचिव और के.के धीमान को कोषाध्यक्ष चुना। इसके अलावा बैठक में सिडकुल क्षेत्र की सड़क, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, श्रमिक सुविधाओं तथा अन्य आधारभूत अवसंरचनात्मक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि उद्योगों के सुचारु संचालन और क्षेत्र के विकास के लिए इन समस्याओं का शीघ्र समाधान आवश्यक है।
वहीं, नवनिर्वाचित अध्यक्ष दुर्गेश मोहन ने कहा कि उनकी प्राथमिकता लंबे समय से लंबित मूलभूत समस्याओं का समाधान कराना होगी। इसके लिए एसोसिएशन प्रशासन, सिडकुल प्रबंधन और संबंधित विभागों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि उद्योगों एवं कर्मचारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा आपसी सहयोग और समन्वय को बढ़ावा देने के लिए समिति लगातार कार्य करेगी।
वहीं, समिति के पूर्व अध्यक्ष कृष्णा सत्यवली ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने समिति को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया। वहां परमेश्वर शर्मा, भूपेश शर्मा, विक्रम सिंह, रमन चौधरी, अनिल चक्रवर्ती, मुनेश्वर मंडल, अविनाश त्रिवेदी, हैदर अब्बास, आर. नायडू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।