सितारगंज। किच्छा हाईवे पर एक वर्ष पूर्व हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक की याचिका पर न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया, जिसके बाद उसे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।
पुलभट्टा के विष्णुपुरम वार्ड नंबर-19 निवासी दुर्जन लाल ने बताया कि 21 जून 2025 की मध्यरात्रि वह बजरी से भरा ट्रक लेकर लालकुआं से पीलीभीत जा रहे थे। इसी दौरान नयागांव स्थित मानक ढाबे के पास एक ट्रक चालक ने बिना इंडिकेटर और बिना परिचालक की सहायता के वाहन बैक कर दिया, जिससे उनके ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह चालक की सीट में फंस गए।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में उनके पेट की आंत और पेशाब की नली फट गई थी। पहले उन्हें उप जिला अस्पताल सितारगंज ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया। वहां उनका ऑपरेशन करना पड़ा। पीड़ित का आरोप है कि 25 जून 2025 को उनके बेटे ने कोतवाली सितारगंज में तहरीर दी और बाद में 23 अगस्त 2025 को एसएसपी को भी रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
क्षेत्राधिकारी बीएस धौनी ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।