सितारगंज। तिरंगा चौराहे पर हाल ही में खुले देशी शराब के ठेके को लेकर विरोध तेज हो गया है। भीम आर्मी के पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए और ठेके को तत्काल वहां से हटाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी भी जताई गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शराब का ठेका ऐसे स्थान पर खोला गया है, जहां पास में स्कूल, अस्पताल और तिरंगा चौराहा स्थित है। उनका आरोप है कि यह क्षेत्र सार्वजनिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है और बाजार के बीच शराब का ठेका खोले जाने से सामाजिक माहौल प्रभावित होगा। उन्होंने प्रशासन से ठेके को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।
धरने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। इस दौरान आबकारी विभाग के अधिकारी बृजेश जोशी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया शराब का ठेका निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रतीत होता है। हालांकि यदि किसी प्रकार की शिकायत या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो विभाग मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
फिलहाल तिरंगा चौराहे पर शराब के ठेके को लेकर विरोध जारी है। अब स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन और आबकारी विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।