सितारगंज (ऊधम सिंह नगर): उत्तराखंड के सितारगंज में दहेज उत्पीड़न का एक और गंभीर मामला सामने आया है। गांव नकटपुरा निवासी एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट, प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति समेत 5 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी से पहले ही शुरू हो गया था पैसों का खेल
पीड़िता रंजना ने बताया कि उसका विवाह 30 मई 2023 को हनुमानगढ़ (राजस्थान) निवासी कालू राम शर्मा के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी तय होते ही ससुराल पक्ष ने पैसों की डिमांड शुरू कर दी थी। रंजना के भाई ने शादी से पहले ही उनके खाते में 80 हजार रुपए ट्रांसफर किए थे। विदाई के समय भी दहेज कम होने का ताना देकर गाली-गलौज की गई, जिसके बाद परिवार की इज्जत बचाने के लिए भाई ने 2 लाख रुपए और दिए।

कमरे में बंद कर भूखा रखने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद पति कालूराम, ससुर संतलाल जोशी, सास शांति देवी और भांजे कृष्णा ने उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसे कई दिनों तक खाना नहीं दिया गया। पति की मांग पर भाई ने एक नया टीवी भी भेजा, लेकिन लालच कम नहीं हुआ। 8 जुलाई 2023 को उसे 5 लाख रुपए के लिए कमरे में बंद कर दिया गया और मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई।

अक्टूबर से मायके में रह रही है पीड़िता
रंजना के अनुसार, लगातार रुपयों की मांग और विवाद के बाद 23 अक्टूबर 2023 को उसे मायके भेज दिया गया। तब से ससुराल पक्ष ने उससे कोई संपर्क नहीं किया है और न ही उसे वापस ले जाने की कोशिश की। थक-हारकर पीड़िता ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया।

पुलिस की कार्रवाई
सीओ बीएस धौनी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से विवेचना कर रही है और जल्द ही आरोपियों को नोटिस भेजकर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi