सितारगंज। अस्पताल कर्मचारियों ने निर्माणाधीन ओटी से एक युवक को एल्युमिनियम के पाइप और ग्लैंडर चोरी करते रंगे हाथ दबोच लिया। जिसके बाद आरोपी को चोरी के सामान के साथ पुलिस के हवाले कर दिया।
अस्पताल कर्मचारी मनिंदर श्रीवास्तव ने बताया कि 26 जुलाई की सुबह उसने एक युवक को अस्पताल की तीसरी मंजिल पर निर्माणाधीन नई ओटी से एल्युमिनियम के कटे पाइप और ग्लैंडर को गत्ते के डिब्बे में रखकर ले ज़ाते हुए देखा तो उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन वह भागने लगा। इससे उसका शक गहरा गया।
इसके बाद अस्पताल की कर्मचारी नन्हे और विजय ने पीछा कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसका नाम जिशान है और वह गांव पंडरी, सितारगंज में रहता है। साथ ही, बताया कि वह कबाड़ बीनने का काम करता है। तलाशी लेने पर अस्पताल कर्मचारियों ने युवक के पास से करीब 5.5 हजार रुपये का एल्युमिनियम पाइप और ग्लैंडर बरामद किया। जिसके बाद उसे चोरी के सामान के साथ पुलिस के हवाले कर दिया गया।सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।