सहारनपुर। जिले की थाना फतेहपुर पुलिस की कलसिया रोड पर चेकिंग के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। सीधी मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। जबकि उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा।
बताया गया कि थाना फतेहपुर पुलिस की टीम कलसिया रोड पर संदिग्धों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देख बदमाशों ने रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत सेफायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश का पुराना आपराधिक इतिहास है और वह कई मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस फरार आरोपी को सरगर्मी से तलाश कर रही है। इधर, पुलिस ने मौके से एक तमंचा, कारतूस और एक संदिग्ध मोटरसाइकिल बरामद की है।