पीलीभीत। बीसलपुर के सरस्वती शिशु मंदिर में शाहजहांपुर और पीलीभीत जनपदों की एक महत्वपूर्ण संयुक्त प्रधानाचार्य बैठक का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के प्रदेश निरीक्षक हरवीर सिंह और संभाग निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के आगमन के साथ हुआ, जिनका विद्यालय के व्यवस्थापक ब्रह्मौतार अग्रवाल ने पटका पहनाकर आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया।
बैठक के दौरान दोनों जनपदों से आए प्रधानाचार्यों ने आगामी सत्र के लिए वर्ष भर आयोजित होने वाले शैक्षिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की। प्रदेश निरीक्षक हरवीर सिंह ने उपस्थित प्रधानाचार्यों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यालय को इस निर्धारित कार्ययोजना के आधार पर ही कार्यक्रमों का क्रियान्वयन करना चाहिए ताकि शिक्षा के साथ-साथ छात्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने समयबद्धता और गुणवत्तापूर्ण आयोजन पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर पीलीभीत के संकुल प्रमुख कुरेन्द्र पाल सिंह और शाहजहांपुर के संकुल प्रमुख दयाशंकर शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य हरीशचंद्र शर्मा ने सभी आगंतुकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान दोनों जिलों के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य व शिक्षक उपस्थित रहे।