पूरनपुर (पीलीभीत)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर शुक्रवार को नकटादाना स्थित केजीएफ-2 कैंप कार्यालय में सपा की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने की।
बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करें और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएं।
बैठक का मुख्य मुद्दा फॉर्म-7 के माध्यम से मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी को लेकर रहा। जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से सूची से हटाया गया, तो समाजवादी पार्टी चुप नहीं बैठेगी।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यह फर्जीवाड़ा बंद नहीं हुआ तो पार्टी सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगी, संबंधित अधिकारियों का घेराव किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
इसी बैठक में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं सपा महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव दिव्या पी. गंगवार ने भी प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर एक भी वोट गलत तरीके से काटा गया तो पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
बैठक में जिला महासचिव नफीस अहमद अंसारी, जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा ‘कट्टर’, राजकुमार ‘राजू’, रूपराम कश्यप, काशीराम सरोज, हाजी अकबर अहमद अंसारी, विधानसभा अध्यक्ष हाजी इम्तियाज अल्वी समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।