पीलीभीत। गजरौला थाना क्षेत्र की कक्षा 10 की एक नाबालिग छात्रा की बरेली स्थित रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया और अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। नेशनल हाईवे जाम होने की सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के निष्पक्ष कार्रवाई के आश्वासन के बाद देर शाम छात्रा का अंतिम संस्कार कराया गया।
परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक छात्रा का शारीरिक शोषण किया। मामला सामने आने पर दोनों पक्षों के बीच छात्रा के बालिग होने पर शादी कराने का समझौता हुआ था, लेकिन बाद में युवक और उसके परिजनों ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इस धोखाधड़ी से क्षुब्ध होकर छात्रा ने गहरे मानसिक तनाव में आकर संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से बरेली रेफर किया गया था, जहां 27 जुलाई की शाम उसने दम तोड़ दिया।
मृतका ने उपचार के दौरान पुलिस को दिए बयान में युवक पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके आधार पर पुलिस ने 22 जुलाई को छह नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था। मौत की खबर के बाद गांव में तनाव को देखते हुए सदर क्षेत्राधिकारी अमरनाथ वर्मा और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिलाए जाने के बाद परिजन शांत हुए और छात्रा का अंतिम संस्कार संपन्न हो सका।