पीलीभीत। वन एवं वन्यजीव प्रभाग की पीलीभीत रेंज टीम ने बुधवार सुबह नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति में छापेमारी कर प्रतिबंधित वन उपज कटरुआ के अवैध भंडारण और बिक्री का भंडाफोड़ किया है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर सुबह करीब 6:00 बजे की गई इस कार्रवाई में मंडी स्थित ‘ताज एंड कंपनी’ (लाइसेंस संख्या-L/2018/189/49513887) की आढ़त से लगभग 40 किलोग्राम प्रतिबंधित कटरुआ बरामद किया गया।
टीम ने आढ़त स्वामी शकील अहमद (पुत्र रफीक अहमद), निवासी मोहल्ला शेर मोहम्मद (वार्ड नं. 23, थाना कोतवाली, पीलीभीत) को मौके से हिरासत में लिया है। इस छापामार कार्रवाई में उप क्षेत्रीय वनाधिकारी दिग्विजय सिंह, वन दरोगा कौशेंद्र कुमार, वन रक्षक अमित तिवारी व रंजीत सिंह, टीसी किशन लाल और न्यूनतम वेतनकर्मी राजेंद्र कुमार सैनी शामिल रहे। प्रभागीय निदेशक भरत कुमार डी.के. के अनुसार, अभियुक्त के खिलाफ पीलीभीत रेंज में केस संख्या-76/2026-27 दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।