वाराणसी: वाराणसी में धर्म और आस्था के नाम पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को ठगने वाले दलालों के खिलाफ वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने अपना शिकंजा पूरी तरह कस दिया है. श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर के बाद, अब पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए बाबा काल भैरव मंदिर के बाहर से 11 जालसाजों को गिरफ्तार किया है. यह पूरी कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुप्त तरीके से अंजाम दी गई.

सादे कपड़ों में पुलिस ने बिछाया जाल

पिछले कुछ दिनों से पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि काल भैरव मंदिर के बाहर कुछ असामाजिक तत्व और फर्जी गाइड श्रद्धालुओं को जल्दी दर्शन कराने, ‘स्पर्श दर्शन’ दिलाने या कतार से बचाकर सीधे गर्भगृह ले जाने का झांसा दे रहे हैं. इसके बदले वे भोले-भाले भक्तों से 500 रुपये से लेकर 2000 रुपये तक की अवैध वसूली कर रहे थे.

इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने एक विशेष योजना बनाई. पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में आम श्रद्धालु बनाकर मंदिर के आसपास तैनात किया गया. जैसे ही इन दलालों ने पैसे लेकर दर्शन कराने के लिए पुलिस टीम को ही जाल में फंसाने की कोशिश की, सादे कपड़ों में मौजूद टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया.

11 लोगों पर मुकदमा दर्ज

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 11 लोगों को हिरासत में लिया. कोतवाली थाने में इन सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अब इनके पुराने आपराधिक इतिहास और मंदिर के आसपास सक्रिय अन्य गिरोहों के बारे में पूछताछ कर रही है.

लगातार दूसरे दिन पुलिस का हंटर

गौरतलब है कि वाराणसी पुलिस की यह लगातार दूसरे दिन की बड़ी कार्रवाई है. इससे ठीक एक दिन पहले चौक और दशाश्वमेध थाना पुलिस ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और उसके मुख्य रास्तों के आसपास अभियान चलाकर 20 से अधिक दलालों और फर्जी पंडा-पुजारियों को गिरफ्तार किया था. वे लोग भी वीआईपी (VIP) पास और सुगम दर्शन के नाम पर तीर्थयात्रियों से ठगी कर रहे थे.

पुलिस कमिश्नरेट की श्रद्धालुओं से अपील

वाराणसी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बाबा विश्वनाथ धाम या काल भैरव मंदिर में दर्शन के लिए किसी भी बिचौलिए या दलाल के झांसे में न आएं. दर्शन की व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है और वीआईपी या सुगम दर्शन के लिए केवल आधिकारिक काउंटरों या मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग करें. यदि कोई भी व्यक्ति दर्शन के नाम पर अवैध पैसों की मांग करता है, तो तुरंत वहां तैनात पुलिसकर्मियों या नजदीकी पुलिस चौकी को सूचित करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *