​पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (PTR) में पर्यटकों को जल्द ही एक नया रोमांच देखने को मिलेगा। मुख्य वन संरक्षक बरेली परिक्षेत्र एवं फील्ड डायरेक्टर पीलीभीत टाइगर रिजर्व पी.पी. सिंह ने प्रस्तावित लेपर्ड (तेंदुआ) सफारी स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। लगभग 1716 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित इस महात्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए शाहजहाँपुर और पीलीभीत वन विभाग की संयुक्त टीमों ने मौके पर मौजूद रहकर बारीकियों का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद फील्ड डायरेक्टर ने प्रभागीय निदेशक को लेपर्ड सफारी की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट जल्द से जल्द तैयार करने के कड़े निर्देश दिए हैं।


​निरीक्षण के दौरान फील्ड डायरेक्टर पी.पी. सिंह ने सफारी की सुरक्षा और वन्यजीवों के अनुकूल माहौल को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन अध्ययन किया। उन्होंने मौके पर पानी की उपलब्धता, बुनियादी ढांचे के विकास, एंट्री गेट (प्रवेश द्वार) की सटीक स्थिति और सफारी के लिए चिह्नित भूमि के रिकॉर्ड की समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने इस बात का भी विशेष आकलन किया कि पर्यटकों का आवागमन किस रास्ते से होगा, पकड़े गए तेंदुओं को कहाँ रखा जाएगा, सफारी के भीतर सुरक्षा के क्या पुख्ता इंतजाम होंगे और जंगल में तेंदुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में शिकार (प्रे-बेस) उपलब्ध है या नहीं।


​फील्ड डायरेक्टर ने रेंज अधिकारी पूरनपुर को निर्देशित किया कि वे स्थानीय लेखपाल की मदद लेकर जंगल की सीमा पर टूटे हुए पिलरों को तत्काल दुरुस्त कराएं। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि किसी वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण पाया जाता है, तो उसे हटाने के लिए तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए।
​इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान वन एवं वन्यजीव प्रभाग के प्रभागीय निदेशक भारत कुमार डी.के., उप प्रभागीय वन अधिकारी रमेश चौहान सहित शाहजहाँपुर और पीलीभीत वन विभाग के तमाम आला अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi