लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद खौफनाक और कलयुगी मां की क्रूरता की वारदात सामने आई है। यहाँ मड़ियांव इलाके में एक 4 साल के मासूम बच्चे ‘अहम’ की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या का आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि बच्चे की सगी मां पूनम पर लगा है। आरोपी मां बच्चे की मौत के बाद उसके शव को अस्पताल में ही छोड़कर फरार हो गई थी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने बयां की हैवानियत: जमीन पर पटकने की आशंका
मासूम अहम की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने डॉक्टरों और पुलिस के भी होश उड़ा दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, बच्चे की मौत बाथरूम में गिरने से नहीं, बल्कि बेरहमी से की गई पिटाई के कारण हुई है।
- अहम के हाथ, पैर, सीने और पीठ पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं।
- चोटों की प्रकृति को देखकर डॉक्टरों का अनुमान है कि बच्चे को बेरहमी से जमीन पर पटका गया था।
- मासूम के पेट के अंदरूनी हिस्से में भी गंभीर और जानलेवा घाव मिले हैं, जो अंदरूनी ब्लीडिंग की वजह बने।
मौत की खबर सुनते ही भाग खड़ी हुई मां
पुलिस के अनुसार, पूनम अपने पति दिनेश से अनबन के चलते काफी समय से अलग मड़ियांव इलाके में रह रही थी। घटना वाले दिन वह अहम को लहूलुहान और गंभीर हालत में डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंची थी। डॉक्टरों ने जब जांच के बाद अहम को मृत घोषित कर दिया, तो पूनम कानूनी कार्रवाई के डर से बच्चे की लाश को अस्पताल में ही लावारिस छोड़कर भाग निकली और अपनी बहन के घर जाकर छिप गई।
पिता ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
बच्चे की मौत और मां के भागने की सूचना मिलते ही मड़ियांव पुलिस और बच्चे के पिता दिनेश भी मौके पर पहुंच गए। पिता दिनेश ने अपनी पत्नी पूनम पर सीधा आरोप लगाया है कि उसने ही उनके 4 साल के बेटे की पीट-पीटकर हत्या की है। पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की सघन जांच की जा रही है।