-​अभिजीत गंगवार चुने गए ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ -ताबड़तोड़ 165 रनों की पारी खेल जीता फाइनल
-​अर्शी ख़ान को मिला ‘बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब, विजेता टीम को मिली ₹1 लाख की इनामी राशि

​पीलीभीत। खेल प्रेमियों के लिए रोमांच की पराकाष्ठा बने पीलीभीत प्रीमियर क्रिकेट लीग (सीजन-1) के फाइनल मुकाबले में ब्रदर्स इलेवन ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। सुपर ओवर तक खिंचे इस बेहद उतार-चढ़ाव भरे महामुकाबले में ब्रदर्स इलेवन ने एमआरआर सुपरजाइंट्स (एम3आर) को मात देकर चमचमाती ट्रॉफी और ₹1 लाख की नकद इनामी राशि अपने नाम कर ली। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले अभिजीत गंगवार को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया, जबकि धारदार गेंदबाजी के लिए अर्शी ख़ान को ‘बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट’ के खिताब से नवाजा गया।


​अभिजीत के तूफान से खड़ा हुआ 226 रनों का विशाल स्कोर

​फाइनल मैच में टॉस जीतकर ब्रदर्स इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। ओपनर अभिजीत गंगवार के तूफान के आगे विपक्षी गेंदबाज बेबस नजर आए। अभिजीत ने मैदान के चारों तरफ रनों की बौछार करते हुए मात्र 70 गेंदों में 9 गगनचुंबी छक्कों और 20 चौकों की मदद से 165 रनों की ताबड़तोड़ शतकीय पारी खेली। इसके अलावा साहिल ने 19 और अभिषेक प्रताप ने 14 रनों का योगदान दिया, जिसकी बदौलत ब्रदर्स इलेवन ने निर्धारित 20 ओवरों में 226 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। एमआरआर सुपरजाइंट्स की तरफ से गेंदबाजी करते हुए इंजमाम ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए।


​एमआरआर सुपरजाइंट्स का पलटवार और टाई हुआ मैच
​227 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआरआर सुपरजाइंट्स की टीम ने भी गजब का जज्बा दिखाया और मैच को आखिरी गेंद तक जीवंत रखा। टीम की ओर से गीतांश ने सर्वाधिक 86 रनों की साहसिक पारी खेली, जबकि नदीम ने 42 और शुभ ने 45 रन बनाकर जीत की राह आसान की। ब्रदर्स इलेवन की ओर से गेंदबाजी में भी जौहर दिखाते हुए अभिजीत ने 3 और गगन ने 2 विकेट लिए। अंततः एमआरआर सुपरजाइंट्स ने भी 20 ओवरों में ठीक 226 रन बना लिए, जिसके चलते मुख्य मैच टाई पर समाप्त हुआ और निर्णय के लिए सुपर ओवर का सहारा लिया गया।


​सुपर ओवर का रोमांच
​सुपर ओवर में एमआरआर सुपरजाइंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एक ओवर में 11 रन बनाए और ब्रदर्स इलेवन को 12 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में उतरी ब्रदर्स इलेवन की टीम ने धड़कनें रोक देने वाले इस ओवर की शुरुआती 4 गेंदों में ही लक्ष्य हासिल कर खिताबी जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया।


​मुख्य अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

​टूर्नामेंट के समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में परमवीर सिंह पैरी, सागर धमेजा, डॉ. योगेन्द्र नाथ मिश्रा, अनिल महेंद्रू, संदीप सिंह, अमिताभ अग्निहोत्री, तेज बहादुर गंगवार और पीएनबी के शाखा प्रबंधक अवधेश उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी व पुरस्कार वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
​मैच के दौरान स्कोरिंग की जिम्मेदारी गगन प्रताप सिंह और नातिक ने बखूबी संभाली। मैदान पर अंपायर की भूमिका में दिलनवाज और शेरी रहे, जबकि कमेंट्री बॉक्स से राजेश गंगवार, मणिकांत मिश्रा और कपिल देव ने अपनी चिरपरिचित आवाज में मैच का आंखों देखा हाल सुनाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *