रुद्रपुर। महानगर क्षेत्र में पूर्वांचल समाज को जल्द ही अपना स्थायी भवन मिलेगा। पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधिमंडल की मांग पर महापौर विकास शर्मा ने नगर निगम की ओर से पूर्वांचल समाज के लिए कम्युनिटी हॉल (पूर्वांचल भवन) के निर्माण की घोषणा की। महापौर की इस घोषणा से समाज के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।

बुधवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से पूर्वांचल समाज के लिए शासकीय भूमि उपलब्ध कराने की मांग की। प्रतिनिधियों ने बताया कि आजादी के बाद तत्कालीन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत के आह्वान पर हजारों पूर्वांचलवासी तराई क्षेत्र को बसाने के लिए यहां आए थे। कठिन परिस्थितियों में उन्होंने इस क्षेत्र के विकास के साथ-साथ उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक, औद्योगिक और आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जिले और आसपास के क्षेत्रों में पूर्वांचल समाज के हजारों परिवार निवास करते हैं। समाज समय-समय पर सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक, धार्मिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता है, लेकिन अपना स्थायी भवन नहीं होने के कारण विभिन्न गतिविधियों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

महापौर विकास शर्मा ने मांग को उचित बताते हुए कहा कि पूर्वांचल समाज केवल भूमि ही नहीं, बल्कि अपनी एक सम्मानजनक पहचान का भी हकदार है। उन्होंने घोषणा की कि नगर निगम पूर्वांचल समाज के लिए कम्युनिटी हॉल का निर्माण कराएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से नगर निगम शहर में सात नए कम्युनिटी सेंटर स्थापित करने जा रहा है, जिनमें से एक पूर्वांचल समाज को समर्पित किया जाएगा।

महापौर की घोषणा पर पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधियों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर पूर्वांचल समाज के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी जेबी सिंह, धीरेन्द्र मिश्रा, हिमांशु शुक्ला, राकेश सिंह, सर्वजीत कुमार सिंह, नन्दलाल शर्मा, मोहन तिवारी, विपिन कुमार, देवेन्द्र शाही, निशांत शाही, राजेश कुमार, दुर्गेश अभिषेक, विशाल, जयन्त सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi