रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर ने कुमाऊँ विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्र 2024-25 और 2025-26 में लगातार दूसरी बार कुलपति ट्रॉफी में द्वितीय स्थान हासिल किया है।
सत्र 2024-25 में कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल का विभिन्न अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करते हुए महाविद्यालय के खिलाड़ी योगेश पाण्डेय ने पुरुष वर्ग में तथा कशिष शर्मा ने महिला वर्ग में कुलपति स्वर्ण पदक और प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया। वहीं सत्र 2025-26 में महाविद्यालय की खिलाड़ी शिवानी ने महिला वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुलपति स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कई पदक अर्जित किए, जिसके लिए उन्हें विश्वविद्यालय स्तर पर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अवधेश नारायण सिंह और क्रीड़ा समिति के सदस्यों ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार, पदक विजेता खिलाड़ी योगेश पांडेय, पवन बिष्ट, दीपक अधिकारी, कशिष शर्मा, शिवानी, लौरी, कौशल्या सहित क्रीड़ा समिति के सदस्य डॉ. भरत सिंह, लोकेश पांडे और अन्य लोग उपस्थित रहे।