क्राइम रिपोर्टर, रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर जिले में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने एक बार फिर कड़ा शिकंजा कसा है। जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र सिंह बिष्ट के सख्त निर्देशन में मिली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र-01 रुद्रपुर की आबकारी टीम ने कई इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान टीम ने रुद्रपुर के गोविंद नगर वार्ड नंबर-4 में छापेमारी कर अभियुक्ता अम्बिका बाछड़ पत्नी विधान बाछड़ के घर से 30 पाउच (कुल 15 लीटर) अवैध शराब खाम बरामद की। इसी क्रम में दूसरी अभियुक्ता सुरेन्द्र कौर पत्नी राजेन्द्र सिंह के घर से एक नीले रंग के ड्रम में रखी लगभग 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
विभाग की इस बड़ी कार्रवाई का दायरा यहीं नहीं रुका। आबकारी टीम ने ग्राम अर्जुनपुर में एक खेत के नाले के किनारे चल रही अवैध कच्ची शराब बनाने की एक चालू भट्टी को रंगे हाथों पकड़कर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। मौके पर आबकारी विभाग ने जमीन में बने 5 बड़े गड्ढों में छिपाकर रखे गए लगभग 3000 किलोग्राम लहन को समूल नष्ट कर दिया और मौके से 110 लीटर तैयार अवैध शराब बरामद की। इस मामले में फरार अज्ञात मुख्य अभियुक्त के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत और कड़ी धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
इसके साथ ही क्षेत्र-01 रुद्रपुर की टीम ने किच्छा के बंडिया भट्टा इलाके में भी सघन चेकिंग और छापेमारी अभियान चलाया। यहाँ अभियुक्ता श्रीमती विद्या देवी पत्नी अमर पाल के रिहायशी मकान से आबकारी टीम ने 500-500 मिलीलीटर धारिता के 32 पाउच (कुल 16 लीटर) अवैध शराब बरामद की। बरामदगी के आधार पर अभियुक्ता के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिसिया और विधिक प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया गया है। आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह के नेतृत्व में चलाई गई इस मुहिम में प्रधान सिपाही दीपक, संतोष, विकास तथा सिपाही राजेन्द्र, वीरेन्द्र, मंजू और रोशनी समेत पूरी टीम शामिल रही।