सितारगंज। क्षेत्र के ग्राम साबेपुर सरकड़ा निवासी एक युवती ने अपने दो रिश्तेदारों पर घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता दिक्षा कश्यप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 18 जून को वह अपने घर पर मौजूद थी। इसी दौरान उसके रिश्तेदार नेकपाल और उसका छोटा भाई तेजराम, निवासी ग्राम नौली पिपलिया, बहेड़ी, उसके घर पहुंचे।
आरोप है कि बाहर आते ही दोनों ने बिना किसी बात के गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट की और थप्पड़ मारे। शोर सुनकर उसकी मां पुष्पा देवी और छोटी बहन श्वेता बीच-बचाव के लिए पहुंचीं, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया।
पीड़िता का आरोप है कि जाते समय दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। मामले में पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।