​पीलीभीत। जनपद में कर्मचारी राजनीति के एक बड़े अध्याय का समापन और नए दौर का आगाज हुआ है। लंबे समय तक कर्मचारियों की लड़ाई लड़ने वाले अग्रणी नेता हशमुद्दीन खान ने राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला अध्यक्ष पद का त्याग कर दिया है। बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखा अधिकारी कार्यालय में कार्यरत रहे हशमुद्दीन खान ने सेवानिवृत्त होने के बाद भी वर्षों तक प्रांतीय नेतृत्व के विशेष अनुरोध पर इस पद की जिम्मेदारी संभाली। पूर्व में उनके द्वारा दिए गए त्यागपत्रों को प्रांतीय नेतृत्व ने बार-बार अस्वीकार कर दिया था, लेकिन अब उनके पद छोड़ने के बाद संगठन में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। हशमुद्दीन खान के उत्तराधिकारी को लेकर लग रहे तमाम कयासों पर विराम लगाते हुए संगठन ने विकास विभाग कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष संजय तोमर पर+ भरोसा जताया है।
​अधिवेशन के दौरान प्रांतीय अध्यक्ष एसपी तिवारी और महामंत्री संजय शुक्ला ने नई कार्यकारिणी की सूची का अनुमोदन किया। यद्यपि कयास लगाए जा रहे थे कि अध्यक्ष पद के लिए कई दावेदार सामने आएंगे, किंतु संजय तोमर की संगठन के प्रति सक्रियता और सौम्यता के चलते पूरे सदन ने ध्वनि मत से उनके नाम को स्वीकार कर लिया। संजय तोमर वर्तमान में विकास विभाग कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व को भी संभाल रहे हैं। अब उनके समक्ष परिषद के सभी घटक संगठनों को एकजुट रखने और कर्मचारी हितों के लिए संघर्ष को नई धार देने की बड़ी चुनौती होगी।
​नवनियुक्त कार्यकारिणी में सुधीर कुमार को मंत्री और धर्मपाल सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही रामकिशोर, अनीता तिवारी, अवनीश कुमार, विजय राज, देवेंद्र अस्थाना, शिव शंकर मौर्य, राजकुमार पासवान और मोहम्मद रिजवान को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। अन्य प्रमुख पदों पर राजवीर सिंह को कोषाध्यक्ष, हरपाल सिंह व जाकिर अली को संगठन मंत्री, देवेंद्र मिश्र को सांस्कृतिक मंत्री, रामेश्वर दयाल को संप्रेक्षक, माजिद अली को मीडिया प्रभारी और विभा मिश्रा को संयुक्त मंत्री नियुक्त किया गया है। प्रांतीय मंत्री संजय शुक्ला ने नई टीम को विधिवत शपथ ग्रहण कराकर पदभार सौंपा। इस शपथ ग्रहण के साथ ही जिले की कर्मचारी राजनीति में ‘संजय तोमर युग’ की विधिवत शुरुआत हो गई है।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi