रुद्रपुर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण को पूरी तरह खत्म करने के लिए जिला आबकारी विभाग ने एक बड़ा और सघन प्रवर्तन अभियान चलाया है। आबकारी आयुक्त के कड़े आदेशानुसार तथा जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट के कुशल निर्देशन में क्षेत्र-03 की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आबकारी टीम ने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रम्पुरा में अचानक छापेमारी की, जहाँ नाले और खेतों के पास छुपकर अवैध कच्ची शराब ख़ाम का निर्माण किया जा रहा था। टीम ने मौके पर सक्रिय पाई गईं 3 शराब भट्टियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और शराब बनाने के लिए तैयार की गई लगभग 15,000 किलोग्राम लहन को मौके पर ही बहाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। इसके साथ ही आसपास के इलाकों की सघन तलाशी लेने पर लगभग 130 लीटर अवैध कच्ची शराब ख़ाम बरामद की गई, जिस पर अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत 4 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।

रम्पुरा में इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने के तत्काल बाद आबकारी विभाग की मुस्तैद टीम ने अपना रुख ढकिया गुलाबो और गिन्नी खेड़ा इलाकों की तरफ किया। इन दोनों चिन्हित ठिकानों पर दी गई दबिश के दौरान टीम ने लगभग 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद करने में सफलता हासिल की। इस मामले में पुलिस और आबकारी टीम ने मौके से दो ज्ञात आरोपियों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरे सफल और बड़े ऑपरेशन का नेतृत्व क्षेत्र-03 के आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान उनके साथ उप आबकारी निरीक्षक आशीष सिद्दीकी, प्रधान आबकारी सिपाही कैलाश चंद्र भट्ट, आबकारी सिपाही कृष्ण चंद्र आर्या, सुनीता रानी, सुमन आर्या, नैनिका राणा तथा अंजली गोंसाई सहित भारी संख्या में आबकारी बल मौजूद रहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi