करेली (पीलीभीत)। करेली क्षेत्र में एक बुजुर्ग से रंगदारी मांगने और झूठी शिकायत कर साजिश रचने के आरोप में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने कृष्ण कुमार शर्मा पुत्र नाथूलाल शर्मा, निवासी ग्राम करेली को गिरफ्तार किया। मामले में करेली निवासी सर्वेश पुत्र वंशीधर (उम्र लगभग 75 वर्ष) ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कृष्ण कुमार शर्मा आए दिन उनसे रंगदारी की मांग करता था। रुपये देने से मना करने पर आरोपी ने उनके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराकर फंसाने का प्रयास किया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
थाना प्रभारी विपिन शुक्ला ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी फरीदपुर, बिलसंडा और करेली थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं पीड़ित परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए न्याय मिलने की उम्मीद जताई है।