रामनगर। स्वायत्त सहकारिता के नाम पर अधिक ब्याज का लालच देकर कुमाऊं मंडल के हजारों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने तीन साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी हेमचंद पंत पुत्र गोविंद बल्लभ पंत निवासी कुसुमखेड़ा, मुखानी, हल्द्वानी और विकास दुर्गापाल पुत्र खीमानंद दुर्गापाल निवासी एसकेएम स्कूल के पास, देहरिया, हल्द्वानी हैं। दोनों को लालकुआं क्षेत्र से पकड़ा गया।
मामला वर्ष 2023 का है, जब रामनगर कोतवाली में देवभूमि बहुउद्देशीय स्वायत्त सहकारिता समिति के संचालकों एवं एजेंटों के खिलाफ धारा 409 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोपियों ने 2017 में हल्द्वानी और रामनगर में संस्था खोलकर उत्तराखंड सरकार के पंजीकरण का हवाला देकर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर एवं नैनीताल जिलों के भोले-भाले निवेशकों से 6 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक की राशि गबन की। लोगों को कलैक्शन एजेंट बनाकर अधिक ब्याज का झांसा दिया गया, खाते खुलवाए गए, लेकिन मियाद पूरी होने पर पैसा लौटाने से इनकार कर कार्यालय बंद कर फरार हो गए।
जांच में आरोपियों के बैंक खातों से 2 करोड़ 26 लाख और 4 करोड़ 58 लाख के लेन-देन की पुष्टि हुई। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ तक दबिशें दी। गिरफ्तारी पर पुलिस टीम को₹2500 नगद पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए गए हल्द्वानी के आरोपी के खिलाफ दो अन्य ठगी के मुकदमे भी दर्ज है गिरोह के बाकी सदस्य भी फरार है पुलिस तलाश में जुटी हुई है